PMGSY की सड़क या गड्ढों का जाल? पतोरा–फिंगेश्वर मार्ग बदहाल, छात्र-छात्राओं की जान जोखिम में

SHARE:

मरम्मत के नाम पर सिर्फ फाइलें, जमीनी हकीकत में सड़क बनी हादसों का शिकार

 

 संवाददाता–थनेश्वर बंजारे

 

गरियाबंद-: जिले के फिंगेश्वर ब्लॉक अंतर्गत  पतोरा से फिंगेश्वर जाने वाले मुख्य सड़क मार्ग की हालत इन दिनों बेहद जर्जर हो चुकी है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत निर्मित यह सड़क आज गड्ढों और उखड़ी परतों में तब्दील हो गई है, जिससे आमजन खासकर स्कूली छात्र-छात्राएं और कॉलेज जाने वाले युवक-युवतियां रोजाना जोखिम उठाकर सफर करने को मजबूर हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार यह सड़क क्षेत्र के सैकड़ों गांवों के लिए आवागमन का प्रमुख माध्यम है, लेकिन वर्तमान स्थिति इतनी खराब है कि वाहन चलाना तक मुश्किल हो गया है। जगह-जगह बड़े गड्ढे और उखड़ी हुई परत दुर्घटनाओं को न्योता दे रही है। फोटो में भी साफ देखा जा सकता है कि सड़क पूरी तरह बिखरी हुई है और दोपहिया वाहन चालकों को संतुलन बनाना मुश्किल हो रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग से रोजाना स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राएं गुजरते हैं, वहीं छोटे-बड़े वाहन और ट्रक भी इसी रास्ते से आते-जाते हैं। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। बारिश के समय स्थिति और भयावह हो जाती है, जब गड्ढे पानी से भर जाते हैं और सड़क का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है।

हैरानी की बात यह है कि संबंधित विभाग द्वारा इस सड़क को लेकर जवाब तो दिया जा रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई सुधार नजर नहीं आ रहा। कागजों में मरम्मत और स्वीकृति की बातें हो रही हैं, जबकि हकीकत में सड़क बद से बदतर होती जा रही है।

स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और उनका सवाल साफ है—क्या यही गरियाबंद जिले का विकास है? प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़क का यह हाल विभागीय लापरवाही को उजागर करता है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment