प्यासे आदिवासी: मुख्यमंत्री गोद ग्राम में जल संकट गहराया, झरिया का पानी पीने को मजबूर कमार परिवार

SHARE:

प्यासे आदिवासी:मुख्यमंत्री गोद ग्राम में जल संकट गहराया, झरिया का पानी पीने को मजबूर कमार परिवार

गरियाबंद। जिले के छुरा ब्लॉक से सामने आई यह तस्वीर सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत को उजागर कर रही है। मुख्यमंत्री गोद ग्राम केडीआमा (रमनपुर) में रहने वाले विशेष पिछड़ी जनजाति कमार परिवार इन दिनों भीषण गर्मी में पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। हालात इतने गंभीर हैं कि ये परिवार मजबूरी में झरिया (छोटे गड्ढों) का असुरक्षित पानी पीने को विवश हैं।

जानकारी के अनुसार, गांव में पेयजल के लिए लगाया गया सौर बोरवेल पिछले दो महीनों से खराब पड़ा है। बोरवेल में पानी भी नहीं है, जिससे ग्रामीणों को स्वच्छ पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इससे न केवल दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है, बल्कि दूषित पानी पीने से स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है।

कनेसर सरपंच योगेश ध्रुव ने बताया कि इस गंभीर समस्या की शिकायत करीब दो महीने पहले ही PHE विभाग को जनपद सदस्य के माध्यम से दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। विभाग द्वारा “गाड़ी खराब है” जैसे बहाने बनाकर मामले को टालने का आरोप लगाया गया है।

सरपंच ने नाराजगी जताते हुए कहा कि क्या आदिवासी परिवारों की जिंदगी की कोई कीमत नहीं है? जब लोग दूषित पानी पीने को मजबूर हैं, तब भी विभाग का यह रवैया बेहद गैरजिम्मेदाराना और अमानवीय है।

आंदोलन की चेतावनी

सरपंच योगेश ध्रुव ने साफ कहा है कि यदि जल्द ही बोरवेल की मरम्मत या वैकल्पिक जल व्यवस्था नहीं की गई, तो आदिवासी समाज आंदोलन के लिए बाध्य होगा। उन्होंने इसे शासन-प्रशासन की बड़ी विफलता करार दिया है।

जिम्मेदारों का जवाब

इस मामले में PHE SDO नवीन साहू ने बताया कि विभाग की बोर मशीन लगभग तीन महीने से खराब है, जिसे मरम्मत के लिए भेजा गया था। मशीन फिलहाल ट्रायल पर है और एक से दो सप्ताह में वापस आने की संभावना है, जिसके बाद बोरवेल सुधार कार्य किया जाएगा।

कब मिलेगी राहत

केडीआमा की यह स्थिति सिर्फ एक गांव की नहीं, बल्कि सरकारी तंत्र की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है। एक ओर “हर घर जल” जैसे बड़े दावे किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर आदिवासी परिवार आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। अब सबकी नजर इस पर टिकी है कि प्रशासन कब हरकत में आता है और इन प्यासे परिवारों को राहत मिलती है।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई