गरियाबंद। ग्राम रोहिणा के आश्रित गांव सेंमहरडीह क्षेत्र में तरीघाट मुख्य सड़क से नदी के रास्ते सिर्री–खुटेरी जाने वाले मार्ग पर स्थित विद्युत ट्रांसफार्मर गंभीर रूप से असुरक्षित स्थिति में खुला पड़ा हुआ है। यह ट्रांसफार्मर खार लाइन की विद्युत आपूर्ति के लिए लगाया गया है, लेकिन इसकी वर्तमान स्थिति अत्यंत चिंताजनक है और कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
ग्रामीणों के अनुसार ट्रांसफार्मर के पास बिजली के तार जमीन से लगभग 4 फीट की ऊंचाई पर अस्थायी रूप से खुले पड़े हुए हैं, जो भारी लापरवाही को दर्शाता है। इतना ही नहीं, जहां उचित सर्किट प्रणाली का उपयोग किया जाना चाहिए था, वहां तारों को सीधे जोड़ दिया गया है, जिससे शॉर्ट सर्किट और करंट फैलने का खतरा और बढ़ गया है।
आसपास खेत और चरागाह क्षेत्र होने के कारण यहां मवेशियों का आना-जाना लगा रहता है, ऐसे में यदि कोई पशु या व्यक्ति गलती से तार के संपर्क में आ जाए तो गंभीर हादसा या तत्काल मौत की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी इस तरह की अप्रिय घटना घट चुकी है, इसके बावजूद विद्युत विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
ग्रामीणों ने कई बार विद्युत विभाग से ट्रांसफार्मर के चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाने तथा चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, लेकिन अब तक न तो यहां कोई घेरा लगाया गया है और न ही कोई चेतावनी संकेत बोर्ड लगाया गया है। इससे प्रशासनिक लापरवाही साफ झलकती है।
इसके साथ ही बरसात के दिनों में क्षेत्र में अधिक नमी और गीलापन होने के कारण बिजली का प्रभाव और अधिक सक्रिय हो जाता है, जिससे खुले तारों और असुरक्षित ट्रांसफार्मर के कारण करंट फैलने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
यह मार्ग गांवों के बीच शॉर्टकट रास्ता होने के कारण दिन के साथ-साथ रात में भी ग्रामीणों का आवागमन बना रहता है, जिससे खतरा और बढ़ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से जल्द से जल्द सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी भी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




