राजिम–फिंगेश्वर–महासमुंद मुख्य जिला मार्ग के उन्नयन के लिए 153.82 करोड़ स्वीकृत

SHARE:

35.5 किमी सड़क का होगा मजबूतीकरण, पुल-पुलिया निर्माण व भू-अर्जन के लिए राशि मंजूर

गरियाबंद-:राज्य शासन ने गरियाबंद जिले के महत्वपूर्ण राजिम–फिंगेश्वर–महासमुंद मुख्य जिला मार्ग के मजबूतीकरण और उन्नयन के लिए 153 करोड़ 82 लाख 34 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि से 35.5 किलोमीटर लंबी सड़क का मजबूतीकरण और उन्नयन किया जाएगा।

लोक निर्माण विभाग के अनुसार सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण कार्य के लिए 139 करोड़ 48 लाख 72 हजार रुपये तथा भू-अर्जन और यूटिलिटी शिफ्टिंग के लिए 14 करोड़ 33 लाख 62 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। यह स्वीकृति केंद्रीय सड़क निधि योजना के तहत दी गई है। इस वर्ष 1 जनवरी को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा इस सड़क के उन्नयन की अनुमति प्रदान की गई थी।

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद राज्य शासन ने मंत्रालय से राशि स्वीकृति के संबंध में प्रमुख अभियंता को परिपत्र जारी कर दिया है। कार्य में उपयोग होने वाली सामग्री और निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश भी दिए गए हैं। गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

लोक निर्माण विभाग ने प्रमुख अभियंता को निर्देश दिए हैं कि कार्य की निविदा समय-सीमा के भीतर पूरी की जाए तथा निर्माण कार्य प्राक्कलन के अनुसार मितव्ययिता के साथ संपादित किया जाए। साथ ही निर्माण एजेंसी से अनुबंधित अवधि में कार्य पूर्ण कराने और अनावश्यक समय-सीमा वृद्धि से बचने के भी निर्देश दिए गए हैं। केवल अपरिहार्य और नियंत्रण से बाहर परिस्थितियों में ही सक्षम अधिकारी द्वारा समय-सीमा बढ़ाई जा सकेगी।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई