कलेक्टर बी.एस. उइके ने आश्रम-छात्रावास अधीक्षकों की ली समीक्षा बैठक, शिक्षा-सुरक्षा व स्वच्छता पर दिया जोर

SHARE:

गरियाबंद-:कलेक्टर बी.एस. उइके की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिले के आश्रम एवं छात्रावास अधीक्षकों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त लोकेश्वर पटेल सहित सभी अधीक्षक एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।बैठक में कलेक्टर ने आश्रम और छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बोर्ड और वार्षिक परीक्षाएं चल रही हैं, इसलिए छात्रावासों में नियमित अध्ययन का माहौल बनाया जाए। रात्रि अध्ययन के लिए पर्याप्त रोशनी और शांत वातावरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।कलेक्टर ने निर्देशित किया कि विद्यार्थियों को समय पर पौष्टिक भोजन निर्धारित मेनू के अनुसार उपलब्ध कराया जाए तथा भोजन की गुणवत्ता पर नियमित निगरानी रखी जाए। रसोईघर और भोजनालय की स्वच्छता बनाए रखने के साथ विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की भी सतत निगरानी करने के निर्देश दिए गए। किसी छात्र के बीमार पड़ने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में उपचार की व्यवस्था करने तथा छात्रावास में प्राथमिक उपचार सामग्री रखने को कहा गया।उन्होंने छात्रावास परिसर, कमरों, शौचालय और स्नानागार की प्रतिदिन साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा पेयजल की स्वच्छता पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कहा कि छात्रावास परिसर सुरक्षित रहे, रात्रि में अनावश्यक आवागमन रोका जाए और बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर सख्त निगरानी रखी जाए।कलेक्टर ने विद्यार्थियों को आवश्यक अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने, कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग देने और उपस्थिति रजिस्टर नियमित संधारित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधीक्षकों को छात्रावास परिसर में ही निवास करने और बिना अनुमति अनुपस्थित न रहने को कहा।बैठक में छात्रावासों की आधारभूत सुविधाओं जैसे बिजली, पानी, पंखे, फर्नीचर, बिस्तर और शौचालय की नियमित समीक्षा कर खराबी होने पर तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। स्टॉक रजिस्टर, भोजन रजिस्टर, उपस्थिति रजिस्टर और कैश बुक सहित सभी दस्तावेज अद्यतन रखने को कहा गया। वार्षिक परीक्षाओं के बाद अप्रैल माह में विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान करने के निर्देश भी दिए गए।कलेक्टर ने बताया कि आश्रम और छात्रावासों के निरीक्षण के लिए जिला स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। निरीक्षण के दौरान अधीक्षक उपस्थित रहकर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं तथा किसी भी गंभीर समस्या की सूचना तत्काल आदिवासी विकास कार्यालय को दें। बैठक में छात्रावास संचालन को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी साझा किए गए।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई