साइबर सेल की सक्रियता से लौट आई लोगों के चेहरों की मुस्कान
गरियाबंद-: होली पर्व से ठीक पहले गरियाबंद पुलिस ने आमजन को बड़ी सौगात दी है। पुलिस की साइबर सेल टीम ने विशेष अभियान चलाकर 78 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए। अपने खोए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह पूरी कार्यवाही भारत सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल के माध्यम से की गई। Central Equipment Identity Register एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके जरिए गुम या चोरी हुए मोबाइल के IMEI नंबर को ट्रैक कर संबंधित हैंडसेट में उपयोग हो रहे सिम कार्ड की जानकारी प्राप्त की जाती है। इसी तकनीकी सहायता से साइबर सेल ने मोबाइलों को खोज निकाला।
गरियाबंद पुलिस ने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल साइबर सेल या नजदीकी थाना में सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर मोबाइल की बरामदगी की जा सके।
मोबाइल गुम हो जाने पर क्या करें
मोबाइल खो जाने पर तुरंत नजदीकी थाना या साइबर सेल में संपर्क करें। शिकायत दर्ज कराते समय निम्न दस्तावेज एवं जानकारी साथ रखें—
मोबाइल नंबर
IMEI नंबर
डिवाइस का ब्रांड एवं मॉडल
मोबाइल की खरीद रसीद (यदि उपलब्ध हो)
मोबाइल खोने की तारीख एवं स्थान
मोबाइल स्वामी का नाम और पता
आधार कार्ड की प्रति
गरियाबंद पुलिस की इस सराहनीय पहल से त्योहार से पहले कई परिवारों की खुशियां लौट आई हैं।
पुलिस का कहना है कि आमजन की सुरक्षा और सुविधा के लिए ऐसे प्रयास भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




