गरियाबंद /पाण्डुका -:जिले के पाण्डुका स्थित के.वी. लक्ष्मी मेडिकल स्टोर्स में औषधि विभाग की टीम ने सूचना के आधार पर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दो दवाओं की गुणवत्ता पर संदेह व्यक्त किया गया, जिसके चलते उनके नमूने लेकर जांच के लिए औषधि जांच प्रयोगशाला रायपुर भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही दवाओं की वास्तविक गुणवत्ता की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
निरीक्षण के दौरान दुकान में कुछ अनियमितताएं भी सामने आईं। प्रारंभिक जांच में एक्सपायरी दवाओं के पाए जाने, दवाओं के उचित भंडारण में लापरवाही तथा नियमों के संभावित उल्लंघन जैसी कमियां सामने आई हैं। इन तथ्यों को लेकर विस्तृत प्रतिवेदन उच्च अधिकारियों को प्रेषित किया गया है और नियमानुसार मेडिकल स्टोर के लाइसेंस पर कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।
यह कार्रवाई औषधि निरीक्षक धर्मवीर सिंह ध्रुव के नेतृत्व में की गई। विभाग का कहना है कि आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। नकली अथवा घटिया दवाओं की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने के लिए लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
औषधि विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद यदि संबंधित मेडिकल स्टोर दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




