भरमार बंदूक से जंगली सुअर का शिकार करने वाले उड़ीसा के 3 फरार आरोपी गिरफ्तार
गरियाबंद-: उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व में जंगली सुअर के अवैध शिकार मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग ने उड़ीसा राज्य के 3 फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पी.ओ.आर क्रमांक 51/09 दिनांक 15.01.2026 के तहत की गई।
वन परिक्षेत्र दक्षिण उदंती की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर 10 फरवरी 2026 को आरोपियों को दबोचा। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपियों ने जंगली सुअर के शिकार में 02 नग भरमार बंदूक का उपयोग किया था।
मुख्य आरोपी गुप्ताराम (42 वर्ष, ग्राम टांगापानी) के पास से 20 जनवरी 2026 को एक भरमार बंदूक पहले ही जब्त की जा चुकी थी। वहीं आरोपी चैनुराम (50 वर्ष, ग्राम मेटपारा, उड़ीसा) के घर की तलाशी वन परिक्षेत्र रायगढ़ (उड़ीसा) एवं उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व की संयुक्त टीम द्वारा सर्च वारंट के आधार पर ली गई, जहां से एक और भरमार बंदूक बरामद की गई।
इन धाराओं में हुई कार्रवाई
विवेचना अधिकारी वनपाल धर्मेंद्र सिंह सोनवानी द्वारा वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की धारा 9, 27, 29, 31, 34(3), 50 एवं 51 के तहत आरोपियों—
चैनुराम (50 वर्ष, ग्राम मेटपारा)
दामू (58 वर्ष, ग्राम टीमनपुर)
सबसिंह (41 वर्ष, ग्राम टीमनपुर पोस्ट गोना, जिला नवरंगपुर, उड़ीसा)
को गिरफ्तार कर 12 फरवरी 2026 को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट गरियाबंद के समक्ष प्रस्तुत किया गया। न्यायालय के आदेश पर तीनों आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जिला जेल गरियाबंद भेज दिया गया है।
संयुक्त टीम की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में गरियाबंद पुलिस के साइबर सेल प्रभारी श्री सतीश यादव, नोडल एंटी पोचिंग टीम के श्री गोपाल कश्यप, दक्षिण उदंती के परिक्षेत्र अधिकारी श्री चन्द्रबली ध्रुव सहित वन अमले के कई अधिकारियों व कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि टाइगर रिजर्व क्षेत्र में अवैध शिकार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




