गरियाबंद में नक्सल उन्मूलन को बड़ी कामयाबी, 10 लाख के दो ईनामी माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण

SHARE:

गरियाबंद-:नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत गरियाबंद पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। प्रतिबंधित संगठन सीपीआई (माओवादी) के डीजीएन डिवीजन में सक्रिय दो हार्डकोर ईनामी माओवादियों ने हिंसा का रास्ता छोड़ते हुए पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है। आत्मसमर्पण करने वालों में एसडीके एरिया कमेटी सदस्य संतोष उर्फ लालपवन एवं सीनापाली एरिया कमेटी सदस्य मंजू उर्फ नंदे शामिल हैं। दोनों पर 5-5 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के अनुसार संतोष उर्फ लालपवन जिला बीजापुर का निवासी है और वर्ष 2005 से माओवादी संगठन में सक्रिय रहकर विभिन्न एरिया कमेटी, प्लाटून और प्रोटेक्शन टीम में कार्य करता रहा। वह गरियाबंद और ओडिशा सीमा से लगे जंगल क्षेत्रों में कई बड़ी नक्सली घटनाओं एवं मुठभेड़ों में शामिल रहा है। वहीं मंजू उर्फ नंदे, जिला सुकमा की निवासी है, जो वर्ष 2002 से माओवादी संगठन से जुड़ी रही और अलग-अलग संगठनों व एरिया कमेटियों में सक्रिय भूमिका निभाती रही।

दोनों माओवादी गरियाबंद अंतर्गत डीजीएन डिवीजन में सक्रिय रहते हुए कई गंभीर नक्सली घटनाओं में शामिल रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति—जिसमें पदानुसार ईनाम राशि, आवास, स्वास्थ्य, रोजगार एवं अन्य सुविधाएं शामिल हैं—और पहले आत्मसमर्पण कर चुके माओवादियों के बेहतर जीवन से प्रभावित होकर दोनों ने आत्मसमर्पण का निर्णय लिया।

गरियाबंद पुलिस द्वारा गांव-गांव और जंगल क्षेत्रों में चलाए जा रहे जागरूकता अभियान, पोस्टर-पाम्पलेट और अपील का इस आत्मसमर्पण में महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अभियान में गरियाबंद पुलिस की ई-30 टीम, सीएएफ 19वीं बटालियन, 207 कोबरा तथा 65/211 बटालियन सीआरपीएफ की अहम भूमिका रही।

पुलिस ने बताया कि अब तक गरियाबंद जिले में कुल 20 नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं, जो नक्सल उन्मूलन की दिशा में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। गरियाबंद पुलिस ने जिले में सक्रिय अन्य माओवादियों से भी अपील की है कि वे आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में लौटें और शांतिपूर्ण जीवन अपनाएं।

 

आत्मसमर्पण के लिए नक्सल सेल गरियाबंद के मोबाइल नंबर 94792-27805 पर संपर्क किया जा सकता है।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment