गरियाबंद /राजिम -:राजिम थाना क्षेत्र के ग्राम जेंजरा में शनिवार देर शाम उस वक्त तनाव की स्थिति पैदा हो गई जब गांव में स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा को जानबूझकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना सामने आते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग मुख्य चौक पर एकत्र होकर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।
सूचना मिलते ही राजिम पुलिस दल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। जांच के दौरान प्रतिमा तोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णानंद साहू उर्फ राजू साहू के रूप में हुई, जो गांव के पूर्व सरपंच जालम साहू का पुत्र बताया जा रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
प्रतिमा खंडित होने की खबर से गांव में भारी असंतोष व्याप्त हो गया था। ग्रामीणों ने कहा कि गांधी जी राष्ट्रपिता हैं, और उनकी मूर्ति तोड़कर सामाजिक सद्भावना को ठेस पहुंचाई गई है। कई ग्रामीण लगातार धरने पर बैठकर आरोपी पर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को आश्वासन दिया कि घटना बेहद गंभीर है और आरोपी पर आवश्यक धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की गई है।
ग्राम जेंजरा में इस घटना ने एक बार फिर मूर्ति क्षति के मामलों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और सोशल हार्मोनी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना में जुटी है और गांव में स्थिति सामान्य बनी हुई है, पर लोगों में अभी भी गहरा रोष बना हुआ है।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




