कदलीमुड़ा पंचायत में भ्रष्टाचार का गढ़ — सचिवों पर लाखों की हेराफेरी का आरोप, शिकायतों पर भी चुप बैठा जिला प्रशासन!

SHARE:

थनेश्वर बंजारे

गरियाबंद-:गरियाबंद जिले की ग्राम पंचायत कदलीमुड़ा में पंचायत सचिव परमेश्वर सेठी और बसंत सिन्हा पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार औऱ अनियमितताओं के आरोप लगे हैं।

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में बताया है कि पंचायत में पिछले दो वर्षों के भीतर कराए गए निर्माण कार्यों में लाखों रुपये की सरकारी राशि का फर्जी भुगतान और अधूरे कामों का बिल निकाला गया है।

शिकायत में कहा गया है कि पंचायत द्वारा दिखाए गए कई कार्य जमीन पर नजर ही नहीं आते, जबकि कागजों में उन्हें पूरा बताकर राशि आहरित कर ली गई है।

कुल मिलाकर ग्राम पंचायत कदली मुंडा में 11 कार्यों में अनीमियिता बरती गई है एवं फर्जी बिल, कार्य प्रारंभ, एवं अपूर्ण कार्य में दोनों सचिव के द्वारा गड़बड़ घोटाला किया गया है.

ग्रामीणों का आरोप है कि अधूरे कामों के बावजूद पूरा भुगतान कर दिया गया है, जबकि कई निर्माण स्थल पर तो कार्य आरंभ तक नहीं हुआ।

इससे यह स्पष्ट होता है कि पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की आड़ में फर्जीवाड़ा और सरकारी धन की बंदरबांट की जा रही है।

पहले भी की जा चुकी शिकायत — प्रशासन फिर भी मौन!

ग्रामीणों ने बताया कि करीब नौ माह पूर्व भी जिला कलेक्टर गरियाबंद को इसी तरह की शिकायत दी गई थी, जिसके साथ सभी प्रमाण और फोटो प्रस्तुत किए गए थे।
परंतु प्रशासन ने आज तक कोई ठोस जांच या कार्रवाई नहीं की।

ग्रामीणों का कहना है कि “लगातार शिकायतों के बावजूद जब कार्रवाई नहीं होती, तो साफ है कि प्रशासन भ्रष्टाचारियों को बचाने में लगा है।”

प्रशासन की चुप्पी पर उठ रहे गंभीर सवाल

ग्रामीणों ने प्रशासन पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा —
“जब हर शिकायत प्रमाणों के साथ दी जा रही है, फिर भी अधिकारी चुप हैं। क्या प्रशासन खुद भी इन गड़बड़ियों में शामिल है या सचिवों को संरक्षण दे रहा है?”

ग्रामीणों की मांग — उच्च स्तरीय जांच और निलंबन की कार्रवाई

ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने पुनः मांग की है कि कदलीमुड़ा पंचायत के सभी कार्यों की जांच उच्च स्तरीय टीम से कराई जाए, दोषी सचिवों को तत्काल निलंबित किया जाए, और भ्रष्टाचार में शामिल अन्य अधिकारियों की भी भूमिका जांची जाए।

आवेदन पर पंचायत प्रतिनिधियों और सैकड़ों ग्रामीणों के हस्ताक्षर दर्ज हैं।

ग्रामीणों ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो वे कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment