राजिम-:राजिम तहसील क्षेत्र के सतनामी समाज ने समाज विरोधी टिप्पणी करने वाले आदेश सोनी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। समाज के पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी राजिम को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोपी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है शिकायत में कहा गया है कि 25 अक्टूबर की रात “विस्तार न्यूज़” के लाइव डिबेट कार्यक्रम में आदेश सोनी ने सतनामी समाज के विरुद्ध अपमानजनक, भड़काऊ और समाज विरोधी बातें कही थीं। इस टिप्पणी से न केवल समाज की भावनाएँ आहत हुई हैं बल्कि क्षेत्र में आक्रोश और असंतोष का माहौल व्याप्त है।पदाधिकारियों ने बताया कि यह मामला अब राजिम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरे प्रदेश के सतनामी समाज में जबरदस्त उबाल है। प्रदेश स्तर पर भी समाज के प्रमुखों और संगठन पदाधिकारियों द्वारा प्रशासन एवं शासन को ज्ञापन देकर आदेश सोनी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
समाजजनों का कहना है कि इस तरह की बयानबाज़ी सामाजिक सौहार्द्र और सद्भावना को चोट पहुँचाती है, जिससे समाज में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेश भर में आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

स्थानीय पदाधिकारियों ने कहा कि यह सिर्फ एक व्यक्ति की भावनाओं की बात नहीं, बल्कि सम्पूर्ण सतनामी समाज के सम्मान और अस्मिता का प्रश्न है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि जल्द से जल्द संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह की समाज विरोधी टिप्पणी करने का दुस्साहस न कर सके।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




