दिल दहला देने वाली वारदात, बोरी में मिला युवती का नग्न शव; दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका

SHARE:

हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के राजेंद्रनगर इलाके में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। किस्मतपुर ब्रिज के नीचे एक बोरी से 25 से 30 वर्षीय युवती का नग्न शव बरामद हुआ है। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, राजेंद्रनगर पुलिस को संदेह है कि युवती की हत्या लगभग तीन दिन पहले किसी और स्थान पर की गई और फिर शव को यहां लाकर फेंक दिया गया। शव पर कोई कपड़े न होने और उसकी स्थिति को देखकर पुलिस इस मामले को दुष्कर्म से भी जोड़कर देख रही है। इस जघन्य वारदात के सामने आने के बाद से स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलते ही राजेंद्रनगर पुलिस और क्लूज टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि किसी संदिग्ध की पहचान की जा सके या कोई सुराग हाथ लग सके।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है जो सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच करेगी। पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास मृतक या इस घटना से जुड़ी कोई भी जानकारी हो, तो वे तत्काल पुलिस से संपर्क करें।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment