गरियाबंद, फिंगेश्वर-:गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर ब्लॉक की सहकारी समितियों में इन दिनों खाद की भारी किल्लत बनी हुई है, जिससे क्षेत्र के सैकड़ों किसान परेशान हैं। खरीफ सीजन की शुरुआत को एक महीना हो चुका है, लेकिन अब तक पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिल पाने के कारण धान की फसल की बुआई एवं आगे के कृषि कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। इससे किसानों में गहरा असंतोष है।
किसानों की इस गंभीर समस्या को लेकर जिला पंचायत सदस्य इंद्रजीत महाड़िक (क्षेत्र क्र. 03) ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र खाद की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की गई तो किसान उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
महाड़िक ने अपने ज्ञापन में कहा है कि सहकारी समितियों में खाद की अनुपलब्धता के कारण किसान बार-बार चक्कर काटने को मजबूर हैं। कई किसानों की फसलें बर्बाद होने की कगार पर पहुंच चुकी हैं, और यदि अब भी खाद नहीं मिली तो कृषि उत्पादन पर व्यापक असर पड़ेगा। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए सभी समितियों में तत्काल खाद की आपूर्ति करवाई जाए।
किसानों में आक्रोश, धरने की तैयारी
खाद संकट से परेशान किसानों में दिन-ब-दिन आक्रोश बढ़ता जा रहा है। कई गांवों में किसानों ने पंचायत स्तर पर बैठक कर आंदोलन की रणनीति बनानी शुरू कर दी है। किसानों का कहना है कि कृषि विभाग और सहकारिता विभाग की लापरवाही का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है।
प्रशासन पर उठ रहे सवाल
स्थानीय किसान संगठनों ने जिला प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा है कि हर साल खाद संकट की स्थिति बनती है, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं किया जाता। समय रहते खाद वितरण की उचित व्यवस्था न होने से किसानों की मेहनत पर पानी फिर रहा है।
फसल संकट में, किसान संकट में
इस वर्ष मानसून की स्थिति अनुकूल रहने के बावजूद खाद की कमी ने किसानों के लिए संकट खड़ा कर दिया है। यदि जल्द खाद की आपूर्ति नहीं की गई, तो फसलों की पैदावार पर असर पड़ना तय है, जिसका सीधा असर क्षेत्र की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण जीवन पर पड़ेगा।
इंद्रजीत महाड़िक ने चेताया — जल्द कदम न उठाए तो होगा बड़ा आंदोलन
ज्ञापन में इंद्रजीत महाड़िक ने साफ शब्दों में कहा है कि किसान अब और इंतजार नहीं कर सकते। जिला प्रशासन यदि इस विषय पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई नहीं करता, तो वे स्वयं किसानों के साथ मिलकर आंदोलन करेंगे और जिले भर में जन आंदोलन की शुरुआत की जाएगी।

Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




