देवभोग में खाद और कृषि ऋण को लेकर भड़के किसान, बैंक मैनेजर की अभद्रता से उपजा आक्रोश
थनेश्वर बंजारे
गरियाबंद-: देवभोग क्षेत्र के किसानों की समस्याएं लगातार गहराती जा रही हैं। खेतों में धान की रोपाई और अन्य कृषि कार्य पूरे जोर पर हैं, लेकिन खाद और कृषि ऋण के अभाव ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दीवानमूड़ा सहकारी समिति में समय पर यूरिया और डीएपी खाद की अनुपलब्धता और ऋण वितरण में हो रही देरी से नाराज किसान आज देवभोग तहसील कार्यालय पहुँच गए।
कर्ज और खाद के लिए कई दिनों से सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे किसानों ने आज अपने आक्रोश का इज़हार करते हुए एसडीएम कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। किसानों ने लापरवाह व्यवस्था पर सवाल खड़े किए और पूछा कि जब कृषि का सीजन पूरे चरम पर है, तब सरकार की मूलभूत सुविधाएं समय पर क्यों नहीं मिल रही हैं?
बैंक मैनेजर की टिप्पणी ने भड़काया गुस्सा
इस पूरे घटनाक्रम में स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब जिला सहकारी बैंक के व्यवस्थापक अमर सिंह ठाकुर ने किसानों से बातचीत के दौरान अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। बहस के दौरान उन्होंने एक किसान से कह दिया – “तेरा पैजामा धो दूँगा क्या?”
इस अपमानजनक टिप्पणी से आक्रोशित किसानों ने तीव्र विरोध दर्ज कराया। मौके पर मौजूद अधिकारियों को हस्तक्षेप कर मामला शांत करना पड़ा। किसान नेताओं ने इस बयान की निंदा करते हुए इसे “किसानों का अपमान” बताया और संबंधित बैंक मैनेजर के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।
प्रशासन की सफाई, लेकिन समाधान अधूरा
घटना के बाद तहसीलदार और एसडीएम ने मौके पर मौजूद किसानों को शांत करने की कोशिश की और समस्या के जल्द समाधान का भरोसा दिया, लेकिन किसानों को कोई ठोस आश्वासन नहीं मिल सका।
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते खाद और ऋण की समस्या का हल नहीं हुआ, तो वे व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




