राजिम-: रायपुर से राजिम की ओर आ रही एक बोलेरो वाहन आज शाम करीब 7 बजे तेजा राइस मिल के पास एक अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस भीषण हादसे में वाहन में सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद अज्ञात वाहन मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है। हादसे के वक्त संयोग से घटनास्थल के पास मौजूद अभनपुर के पूर्व विधायक धनेन्द्र साहू ने तत्काल मानवीय पहल करते हुए घायलों को अपनी गाड़ी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजिम पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को रायपुर रेफर कर दिया गया।
धनेन्द्र साहू की इस त्वरित संवेदनशीलता और मदद को स्थानीय लोगों ने सराहा है। उन्होंने न सिर्फ प्रशासनिक जिम्मेदारी को समझा, बल्कि आमजन के लिए तत्परता और इंसानियत की मिसाल भी पेश की।
इधर, पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य माध्यमों से जांच शुरू कर दी है। हादसे में घायल लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। राजिम क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर यह हादसा एक बार फिर कई सवाल खड़े कर रहा है।

Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




